pti_mh2

जी 20 अध्यक्षता: नागपुर में 20-23 मार्च के दौरान होगा सी 20 प्रारंभिक सम्मेलन

नागपुर, तीन मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के नागपुर में 20-23 मार्च के दौरान सी 20 संस्थापन सम्मेलन होगा जिसमें ‘नागरिक समूहों’ एवं गैर सरकारी संगठनों के 200 से अधिक विदेशी प्रतिनिधियों के हिस्सा लेने का कार्यक्रम है।

रामभाऊ म्हालगी प्रबोधिनी के उपाध्यक्ष तथा ‘सिविल 20 भारत सचिवालय’ के संरक्षक विनय सहस्त्रबुद्धे ने शुक्रवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य जी 20 देशों के ‘नागरिक समाज’, गैर सरकारी संगठनों तथा विकास क्षेत्र के दृष्टिकोण को सामने रखना है।

आध्यात्मिक नेता माता अमृतानंदमयी सी 20 की भारत अध्यक्ष हैं तथा रामभाऊ म्हालगी प्रबोधिनी ने सचिवालय एवं कार्यक्रम का दायित्व संभाल रही है। यह कार्यक्रम यहां प्रेस क्लब में होगा और यह आयोजन देश भर में हो रहे विभिन्न कार्यक्रमों में एक होगा।

सहस्त्रबुद्धे ने कहा, ‘‘प्रारंभिक सम्मेलन में पिछले दो महीने में सिविल 20 द्वारा किये गये कार्य पर चर्चा की जाएगी। कुल 14 विषयों का चयन किया गया है जिनपर विभिन्न सत्रों में चर्चा की जाएगी। सिविल 20 की आखिरी बैठक जुलाई के अंतिम सप्ताह में होगी जिसके बाद नीतिगत दस्तावेज जारी किया जाएगा तथा जी 20को दिया जाएगा।’’

उन्होंने बताया कि विषयों में शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रौद्योगिकी, पर्यावरण, कला, शिल्प , लोकतंत्र, मानवाधिकार एवं संपोषण विकास शामिल हैं। उनके अनुसार वक्ताओं में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित कैलाश सत्यार्थी, जी 20 शेरपा अमिताभ कांत , भारत में संयुक्त राष्ट्र के स्थानीय संयोजक शोआम्बी शार्प आदि शामिल होंगे।