Civil20 India 2023 Logo News : जी20 का एक इंगेजमेंट ग्रुप सिविल 20 संगठन का लोगो जारी किया गया। इस लोगो की टैग लाइन है- आप ही प्रकाश हो। यह ग्रुप सिविल सोसाइटी संगठनों और विकास से जुड़े मुद्दों को उठाता है।
नई दिल्ली : भारत को जी-20 की अध्यक्षता के बाद से देश में जी-20 से जुड़े अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस क्रम में सिविल 20 संगठन का लोगो जारी किया है। सिविल20, जी20 का एक इंगेजमेंट ग्रुप है। यह सिविल सोसाइटी संगठनों और विकास से जुड़े मुद्दों को उठाता है। ग्रुप के लोगो को आप ही प्रकाश हो (You Are The Light) टैगलाइन के साथ जारी किया है।
क्या है लोगो का मतलब
सिविल 20 का लोगो एक प्रकाश पुंज को प्रतिबिंबित करता है जिसका आशय है की समाज अपनी स्वायत्त शक्ति से चलता है और अपना रास्ता स्वयं बनाता है। आज दुनिया को जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है ऐसे में नागरिक समाज और सामाजिक संगठनों को अपने पर विश्वास रखकर आगे बढ़ना होगा।
यह दीप आपके दिलों को प्रज्ज्वलित करे
लोगो जारी करने के मौके पर माता अमृतानंदमयी देवी ने कहा, मैं प्रार्थना करती हूं कि यह संगठन मानवीय मस्तिष्क में बदलाव लाए। यह प्रेम, करुणा और सम्मान की लहर पैदा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे कहने से अधिक हमारे करने का महत्व है। उन्होंने कहा कि जैसा लोगो में है, यह दीप आपके दिलों को प्रज्ज्वलित करे। यह पूरे संसार को जगमग करे।
अगले कुछ महीनों में होंगे कई कार्यक्रम
अगले कुछ महीनों तक भारत में इस पर अलग-अलग स्थानों पर चर्चा, परिचर्चा, सेमिनार और अंत में एक शिखर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस समिट में नागरिकों संगठनों की स्थिति और विकास के मुद्दों पर नीतिपत्र जारी किया जाएगा। भारत और जी 20 के सभी देशों के नागरिक संगठन भारत में सिविल 20 सम्मेलनों में हिस्सा लेंगे।
Source: https://navbharattimes.indiatimes.com/india/civil20-india-2023-logo-launch-with-you-are-the-light-tagline/articleshow/96350212.cms